Monday, June 29, 2020

पत्‍नी को डंडा लेकर मारने दौड़े पति के साथ अचानक हो गया ये हादसा




आगरा, जागरण संवाददाता। शराब के नशे में झगड़े के बाद पत्नी को डंडा लेकर मारने दौड़ा पति छत से गिर गया। हादसे में पति की मौत हो गई। वहीं घटना के बाद पत्नी डर कर भाग गई। पड़ोस के लोगों द्वारा सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
अंगूर की बेटी का नशा ऐसा भी घातक हो सकता है ये खुद नशा करने वाले ने भी नहीं सोचा होगा। घटना थाना शाहगंज के नरीपुरा बस्ती की है। हलवाई का काम करने वाला कलुआ कुशवाहा (40 वर्ष) रविवार की देर रात शराब के नशे में घर लौटा था। इसे लेकर पत्नी बबिता से आधी रात तक झगड़ा होता रहा। इस पर पत्नी छत पर सोने चली गई। बच्चों ने बताया कि पिता कलुआ मां को मारने के लिए डंडा लेकर छत पर पहुंच गए। मां बबिता पिटाई से बचने के लिए भागकर नीचे आने लगींं। कलुआ छत से नीचे आते समय सीढ़ियों पर असंतुलित होकर गिर गए। सिर में चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्‍चों ने सोमवार की सुबह पड़ोस के लोगों को घटना की जानकारी दी। उधर जानकारी होने पर मृतक के परिवार के लोग भी पहुंच गए। घटनास्‍थल पर कोहराम मच गया। कलुआ के स्‍वजन उसकी मौत का जिम्मेदार पत्नी को ठहराते हुए हंगामा करने लगे। हंगामा होते देख पत्नी बबिता बच्चों को छोड़कर वहां से चली गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बबिता को तलाशने की कोशिश भी की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। आखिर सचाई क्‍या है ये जानने के लिए बबिता का मिलना जरूरी है। इधर पिता के साथ हुए हादसे और मां के गायब होने से बच्‍चे भी सहम गए हैं। इंस्पेक्टर शाहगंज सतेंद्र सिंह राघव ने बताया घटना की जांच की जा रही है। पत्‍नी बबिता की तलाश की जा रही है। पड़ताल की जा रही है कि क्‍या कलुआ का पैर फिसला था या कोई और बात थी।

No comments:

Post a Comment